‘आयो लाल, झूलेलाल’ के जयघोष के साथ मनाया असूचंड महोत्सव

0
32

जयपुर। गुलाबी नगरी में सोमवार को सिंधी समाज ने एकता और सद्भावना का पर्व असूचंड महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। शहर के श्री अमरापुर स्थान सहित विभिन्न भगवान झूलेलाल मंदिरों में ज्योत प्रज्वलित की गई। ध्वज वंदना, महाआरती, भजन और पल्लव प्रार्थना सहित अनेक धार्मिक आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान झूलेलाल के जयकारों के साथ सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की। इस अवसर पर मीठे चावल और छोले का पारंपरिक भोग लगाया गया।

श्री अमरापुर स्थान जयपुर में सुबह 6 बजे और शाम 6 बजे भगवान झूलेलाल की ज्योत प्रज्वलित कर भजन प्रस्तुत किए गए। श्री प्रेम प्रकाश मंडल की संत परंपरा के संत स्वामी मोहन प्रकाश महाराज और संत मंडल ने सुबह 9 बजे राजापार्क स्थित सिंधी कॉलोनी के झूलेलाल अमर लाल मंदिर में ध्वज वंदना कर ज्योत प्रज्वलित की।

इसके बाद शाम 7 बजे जवाहर नगर सेक्टर-5 स्थित भगवान झूलेलाल मंदिर में ज्योत प्रज्वलित कर आशीर्वचन दिए गए। रात 8 बजे अग्रवाल फार्म स्थित शीश महल झूलेलाल मंदिर में महाआरती और पल्लव प्रार्थना हुई। वहीं, रात 8:30 बजे पृथ्वीराज नगर स्थित एसएस पैराडाइस में संतों के आशीर्वचन का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

स्वामी मोहन प्रकाश महाराज ने समाज के सभी वर्गों से आपसी एकता, सद्भावना और भाईचारे के साथ रहने तथा पर्वों को मिलजुल कर मनाने का संदेश दिया। उन्होंने असूचंड महोत्सव को सामाजिक एकता का पर्व बताया। आयोजन में स्वामी मनोहर लाल, संत मोहन लाल महाराज, संत नवीन, संत हरीश और सतगुरु दास सहित अन्य संत उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here