सीजेपी का ऐलान: 10 दिन बाद राजस्थान में बड़ा आंदोलन

0
59

जयपुर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं को-इंचार्ज दीपक बालियान ने केंद्र की भाजपा सरकार और पुलिस पर पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने, हाउस अरेस्ट करने और दिल्ली जाने से रोकने के आरोप लगाए हैं। सोमवार शाम जयपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने इन कथित कार्रवाइयों के विरोध में 10 दिन बाद राजस्थान में बड़े आंदोलन का ऐलान किया।

बालियान ने आरोप लगाया कि पार्टी के प्रदर्शन के आह्वान के बाद 2 अक्टूबर से ही कार्यकर्ताओं को दिल्ली जाने से रोका जाने लगा। राजस्थान में कार्यकर्ताओं को बसों में जबरन बैठाकर रोकने की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि 9 अक्टूबर की रात सीकर के मंडोता गांव में कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया, जबकि झुंझुनूं में एफएफआई के अध्यक्ष को भी हिरासत में लेने का आरोप लगाया।

बालियान ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करने पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या पूरे देश में आपातकाल जैसे हालात हैं? उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों के साथ ऐसा व्यवहार अलोकतांत्रिक है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली में हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया गया। बालियान ने आरोप लगाया कि उनके साथियों को रात करीब 11 बजे हिरासत में लिया गया, उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए और मारपीट की गई। कानूनी टीम से बातचीत के बाद रात करीब दो बजे उन्हें छोड़ा गया।

उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि पार्टी पहले भी तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आवाज उठा चुकी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में गीजगाज, रितांश आजाद, शशिकांत मीणा, अन्वी और रवि मेघवाल सहित अन्य लोगों ने भी अपने साथ हुई कथित घटनाओं का विवरण साझा किया।

बालियान ने कहा कि कार्यकर्ताओं को रोकने और उनकी आवाज दबाने की कोशिशों के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी ने राजस्थान में प्रस्तावित आंदोलन के जरिए इन घटनाओं को प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here