श्री महावीरजी के लिए 40वीं पदयात्रा आज: विश्व शांति और अहिंसा का देंगे संदेश

0
38

जयपुर। भगवान महावीर के 2552वें निर्वाणोत्सव वर्ष के अवसर पर अहिंसा, शाकाहार और विश्व शांति का संदेश देने के उद्देश्य से श्री दिगम्बर जैन पदयात्रा संघ, जयपुर के तत्वावधान में श्री महावीर जी की 40वीं पदयात्रा बुधवार, 14 अक्टूबर को रवाना होगी। पदयात्रा आगरा रोड स्थित खानिया की संघीजी की नसिया से अपराह्न 3 बजे प्रारंभ होगी।

संघ के संरक्षक सुभाष चन्द जैन एवं पदयात्रा संयोजक महेश चन्द जैन के नेतृत्व में निकलने वाली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और महिलाएं शामिल होंगी। पदयात्रा के माध्यम से भगवान महावीर के सिद्धांत ‘जियो और जीने दो’ को जन-जन तक पहुंचाने के साथ अहिंसा और शाकाहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। समाज के गणमान्य जन ध्वज दिखाकर पदयात्रा को रवाना करेंगे।

संघ के प्रचार प्रभारी विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि पदयात्रा 15 अक्टूबर को मोहनपुरा स्थित दिगम्बर जैन मंदिर पहुंचेगी। यहां भगवान का अभिषेक, शांतिधारा और सामूहिक पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद धार्मिक प्रश्न मंच का आयोजन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here