जयपुर पुलिस के छह जवानों को मिला ‘कांस्टेबल ऑफ द मंथ’ सम्मान

0
51

जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में सितंबर 2026 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह पुलिसकर्मियों को मंगलवार को ‘कांस्टेबल ऑफ द मंथ’ सम्मान से नवाजा गया। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने पुलिस कमिश्नरेट में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और वे अधिक मेहनत व समर्पण के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि जयपुर पुलिस का ध्येय ‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय’ की भावना को धरातल पर उतारना है।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि डीएसटी जिला पूर्व के कांस्टेबल हेमन्त फौजदार ने रामनगरिया थाना क्षेत्र में बैंक लूट की वारदात का 48 घंटे में खुलासा करने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा गांधीनगर थाने के एनडीपीएस प्रकरण में 50.07 ग्राम स्मैक बरामद करवाने में भी योगदान दिया।

बिंदायका थाने के कांस्टेबल श्रीराम ने प्रेस्टीज गार्डन कॉलोनी में गर्भवती महिला की हत्या कर शव दफनाने के मामले में मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे मार्ग की स्लीपर बसों की जांच की। उनकी सतर्कता से मुख्य आरोपी प्रवेश रावत उर्फ हग्गु की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गलतागेट थाने के कांस्टेबल राजेंद्र सिंह ने दर्ज मामले में वांछित माल-मशरूका की बरामदगी में सहयोग किया। साथ ही अन्य आपराधिक मामलों में कार्रवाई के दौरान कुल 15 मोटरसाइकिलें बरामद करवाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

शिवदासपुरा थाने के कांस्टेबल विनोद कुमार ने पांच लंबित वारंट और छह सम्मनों की समय पर तामील करवाकर उनका निस्तारण कराया। उन्होंने कई वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में भी सराहनीय भूमिका निभाई।

यातायात पूर्व के कांस्टेबल अनिल ने सांगानेर मुख्य बाजार सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त कर यातायात सुचारू बनाने में योगदान दिया। इससे आमजन को जाम से राहत मिली।

इसके अलावा पुलिस उपायुक्त मुख्यालय कार्यालय में कार्यरत कांस्टेबल मनोज पिंगोलिया ने पुलिसकर्मियों के पुलिस पदक, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक, राजस्थान पुलिस सेवा पदक तथा उत्कृष्ट एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदकों के प्रस्ताव समय पर पुलिस मुख्यालय भिजवाए। वहीं वार्षिक कार्य मूल्यांकन प्रतिवेदन (एसीआर), संपत्ति विवरण और राजकाज मॉड्यूल पर अवकाश आवेदन से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने तथा कार्मिकों के अभिलेखों के संधारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here