बेकाबू रोडवेज बस ने दो कारों और स्कूटी को मारी टक्कर

0
61

जयपुर। मुरलीपुरा थाना इलाके में सीकर रोड पर खेतान हॉस्पिटल के सामने बुधवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो कारों और एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार का पैर फ्रैक्चर हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी बस के आगे के टायर के नीचे आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया कि दुर्घटना दोपहर करीब 2:45 बजे हुई। तेज रफ्तार बस ने पहले दो कारों को टक्कर मारी और फिर स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर से एक कार पीछे की तरफ से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दूसरी कार और स्कूटी को भी नुकसान पहुंचा। स्कूटी बस के आगे के टायर के नीचे आ गई, जिससे स्कूटी सवार व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट आई और उसका पैर टूट गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को थाने ले गई। पुलिस के अनुसार, बस चालक राकेश कुमार (30) निवासी श्रीमाधोपुर, से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here