जयपुर। अजमेर रोड स्थित ओके प्लस टावर की दसवीं मंजिल पर संचालित ब्रूलिसियस रेस्टोरेंट एंड बार में अवैध रूप से हुक्का परोसने का मामला सामने आया है। विधायकपुरी थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बार मैनेजर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 23 हुक्के, 23 चिलम, 23 रबर पाइप और हुक्का फ्लेवर के 20 पैकेट जब्त किए हैं। वहीं, हुक्का पी रहे आठ पुरुषों और एक महिला के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत चालान काटकर जुर्माना वसूला गया।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज के अनुसार जयपुर पुलिस आयुक्तालय की ओर से रेस्टोरेंट और बार में अवैध रूप से हुक्का परोसने की गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके चलते डीएसटी प्रभारी विशम्भर और विधायकपुरी थानाधिकारी महेश शर्मा के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर बार में दबिश दी।
जिस पर विधायकपुरी थाना पुलिस की ओर से बार संचालकों को पहले भी कई बार लिखित नोटिस देकर अवैध रूप से हुक्का नहीं परोसने के लिए पाबंद किया गया था। इसके बावजूद कथित रूप से ग्राहकों को चोरी-छिपे हुक्का परोसा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मौके से हुक्का पीते मिले नौ लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
विधायकपुरी थानाधिकारी महेश शर्मा ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार ब्रूलिसियस बार के खिलाफ वर्ष 2026 में इससे पहले भी चार प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें एक फरवरी को प्रकरण, 26 मई को , 16 जुलाई को और 10 अगस्त को दर्ज हुआ था।
इन मामलों में चालान पेश किए गए। अब 16 अक्टूबर को प्रकरण संख्या 243/2026 दर्ज किया गया है, जो फिलहाल लंबित है। पुलिस ने संबंधित अधिनियमों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही बार का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए नगर निगम को पत्र भेजने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मैनेजर सूरज (22) निवासी कोतवाली जिला भरतपुर को गिरफ्तार किया गया है। वह ओके प्लस टावर की दसवीं मंजिल पर संचालित ब्रूलिसियस रेस्टोरेंट एंड बार में मैनेजर के रूप में कार्यरत था।


















