जयपुर। बगरू थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक नाबालिग को निरुद्ध कर पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, ये मोटरसाइकिलें बगरू और चौमूं थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। पुलिस अब नाबालिग से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि 15 अक्टूबर को राज बहादुर ने बगरू थाने में मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, उनके साले हनुमान सहाय शर्मा की मोटरसाइकिल सुबह करीब 8 बजे गौशाला रोड स्थित एमजी स्कूल की पार्किंग में खड़ी की गई थी। दोपहर करीब 12 बजे वापस लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त धर्मेंद्र शर्मा के सुपरविजन में बगरू थानाधिकारी चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने स्कूल की पार्किंग और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और मुखबिर से मिले इनपुट के आधार पर नाबालिग को चिह्नित कर दस्तयाब किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में नाबालिग ने बगरू और चौमूं थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पुलिस नाबालिग से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।



















