लंबित भुगतान और दीपावली बोनस की मांग पर कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

0
57

जयपुर। अर्जित अवकाश, सामान्य प्रावधायी निधि (जीपीएफ), राज्य बीमा, ग्रेच्युटी सहित सेवानिवृत्ति पर मिलने वाले लंबित आर्थिक परिलाभों के भुगतान और दीपावली पर नकद बोनस की मांग को लेकर अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) ने शुक्रवार को जयपुर में प्रदर्शन किया। महासंघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर कर्मचारियों ने बीमा भवन से रैली निकाली और जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की। इसके बाद जिला कलेक्टर संदेश नायक को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

महासंघ के जयपुर जिलाध्यक्ष जितेन्द्र अजमेरा के नेतृत्व में कर्मचारी राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग स्थित बीमा भवन में एकत्र हुए। यहां से रैली के रूप में जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों ने लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राहत देने की मांग

महासंघ ने ज्ञापन में मांग की कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सामान्य प्रावधायी निधि (जीपीएफ), राज्य बीमा (एसआई), ग्रेच्युटी और अर्जित अवकाश (पीएल) के बकाया भुगतान समयबद्ध तरीके से किए जाएं। समर्पित अवकाश के लंबित भुगतान भी तत्काल जारी किए जाएं, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपने ही हक की राशि के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। इसके साथ ही कर्मचारियों के सभी लंबित आर्थिक परिलाभों का शीघ्र निस्तारण करने और दीपावली पर राज्य कर्मचारियों को नकद बोनस देने की मांग की गई।

कर्मचारी हितों की अनदेखी पर जताया रोष

महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों ने सेवाकाल के दौरान पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से राजकीय दायित्व निभाए हैं। इसके बावजूद सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले आर्थिक लाभों के लिए उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। कर्मचारियों की मेहनत की कमाई और सेवानिवृत्ति पर मिलने वाले वैधानिक लाभों का भुगतान समय पर होना चाहिए।

पदाधिकारियों ने कहा कि दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर कर्मचारियों को नकद बोनस दिया जाना चाहिए। महासंघ ने अपने 30 सूत्रीय मांगपत्र का भी शीघ्र निराकरण करने की मांग उठाई। संगठन ने स्पष्ट किया कि लंबित भुगतान के कारण कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कार्मिकों को हो रही आर्थिक परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए सरकार और प्रशासन को जल्द निर्णय लेना चाहिए। महासंघ ने कर्मचारियों से एकजुट रहकर अपने हितों की रक्षा के लिए संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here