जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी हनुमान मीणा (28) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने करीब 20 किलोमीटर के दायरे में लगे लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान की।
जयपुर पूर्व की पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पार्कों और मंदिरों के आसपास आने वाले लोगों के वाहनों पर नजर रखते थे। वाहन मालिकों के पार्क में जाने के दौरान मौका पाकर बाइक चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी हनुमान मीणा स्मैक और नशीले इंजेक्शन के सेवन का आदी है।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने हनुमान मीणा को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। आरोपी हनुमान मीणा निवासी बस्सी जयपुर पूर्व के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में बस्सी थाने में शस्त्र अधिनियम और राजस्थान पुलिस अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज हुए थे, जिनमें चालान पेश किया गया।
वर्ष 2026 में कानोता थाने में आबकारी अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज हुआ था। जवाहर नगर थाने में दर्ज मौजूदा मामले में उसे गिरफ्तार किया गया है।



















