आदर्श नगर दशहरा मैदान में होगा 105 फीट के रावण और 90 फीट के कुंभकर्ण का दहन

0
39

जयपुर। आदर्श नगर के दशहरा मैदान में मंगलवार को भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन होगा। श्री राम मंदिर प्रन्यास एवं श्री सनातन धर्म सभा की ओर से आयोजित महोत्सव में शाम 7:30 बजे 105 फीट ऊंचे रावण और 90 फीट ऊंचे कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इससे पहले होने वाली भव्य आतिशबाजी आसमान को रंगों और रोशनी से सराबोर करेगी। भगवान श्रीराम के स्वरूप द्वारा अग्निबाण चलाते ही बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश गूंजेगा।

सभा के महामंत्री अनिल खुराना ने बताया कि इस बार रावण और कुंभकर्ण के विशालकाय पुतले तैयार किए गए हैं। अध्यक्ष हरचरण लेकर ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे, जबकि अध्यक्षता सांसद मंजू शर्मा करेंगी। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर सुनील कोठारी मौजूद रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में कालीचरण सराफ, रफीक खान, पवन अरोड़ा, अजयपाल सिंह और रवि नय्यर शामिल होंगे। क्षेत्रीय पार्षद नीरज अग्रवाल एवं ऋतु चौधरी भी शिरकत करेंगे। विशेष आमंत्रितों में राजेश गुप्ता (जेवीवीएनएल) और कपिल चोपड़ा शामिल हैं।

नियाग्रा फॉल जैसा दृश्य, आसमान में बरसेंगी चमकीली अशर्फियां

कार्यक्रम संयोजक राजीव मनचंदा ने बताया कि इस बार आतिशबाजी को खास आकर्षक बनाया गया है। आसमान में नियाग्रा फॉल जैसा दृश्य साकार होगा। रंगीन झरनों की तरह रोशनी की धाराएं बरसेंगी, वहीं स्टार वार जैसा रोमांचक नजारा दर्शकों को उत्साहित करेगा। चमचमाती अशर्फियों की बरसात, जमीन से उठते सुनहरे अनार और धूमकेतु जैसी रोशनी आयोजन की शोभा बढ़ाएगी।

आकाश में हवाई मछलियां चारों दिशाओं में तैरती नजर आएंगी, जबकि ऑक्टोपस जैसी आकृतियां रंगीन छटा बिखेरेंगी। लंबे बांसों पर घूमती रंगीन चकरियां, लाल-हरी-नीली-पीली हवाई आतिशबाजी और आसमान में खिलते फूलों के गुलदस्ते पूरे वातावरण को उत्सवमय बनाएंगे। रंगीन सितारों के समूह भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

रावण दहन के दौरान पुतले की आंखों से शोले और मुंह से आग के गोले निकलेंगे। नाभि और सिर पर अग्नि चक्र घूमेगा, जबकि तलवार और ढाल से सुनहरी चिंगारियां फूटेंगी। भगवान श्रीराम के स्वरूप द्वारा रावण की नाभि पर अग्निबाण चलाते ही दहन शुरू होगा।

राम मंदिर से दोपहर 3 बजे निकलेगी शोभायात्रा

रामलीला संयोजक संजय आहूजा एवं जितेंद्र चड्ढा ने बताया कि मंगलवार दोपहर 3 बजे श्री राम मंदिर से भव्य शोभायात्रा रवाना होगी। इसमें लवाजमे के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूप विराजमान होंगे। शोभायात्रा राम मंदिर से पंचवटी सर्किल, राजा पार्क चौराहा, ध्रुव मार्ग, लक्ष्मी नारायण मंदिर, कृष्ण प्रणामी मंदिर, कृष्ण मंदिर, 20 दुकान, स्वामी नंदराम मंदिर, स्वामी गंगादास मंदिर, बर्फखाना, मामा की होटल और पुलिया नंबर एक होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी। रास्ते में विभिन्न व्यापार मंडलों की ओर से शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा।

महोत्सव में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूलों और खानपान की स्टॉलों की व्यवस्था भी रहेगी। मीडिया प्रभारी तुलसी संगतानी ने बताया कि रावण दहन के बाद श्री राम मंदिर में भगवान श्रीराम का राजतिलक किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here