जयपुर। मां की ममता, उसका निस्वार्थ प्रेम और संतान के लिए उसकी दुआएं जिंदगी की सबसे अनमोल भावनाओं में शामिल हैं। इन्हीं भावनाओं को केंद्र में रखकर नया म्यूजिक वीडियो ‘मां तू ही मेरी दुआ’ तैयार किया गया है। अश्विन महाराज द्वारा प्रस्तुत और निर्देशित यह वीडियो 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज हुआ।
म्यूजिक वीडियो में जूलिया पुरबायू और अशुतोष राठौड़ नजर आएंगे। इसकी कहानी मां-बेटे के बीच के आत्मीय रिश्ते, प्यार, अपनापन और आशीर्वाद को भावनात्मक अंदाज में प्रस्तुत करती है। वीडियो के माध्यम से मां की ममता और उसकी दुआओं की अहमियत को दर्शाने का प्रयास किया गया है।
इस म्यूजिक वीडियो का निर्माण भी अश्विन महाराज ने किया है। इसके संगीत और बोल सतीश त्रिपाठी ने तैयार किए हैं, जबकि शंकर दास ने अपनी आवाज दी है। वीडियो की छायांकन की जिम्मेदारी अगस पांडे ने संभाली है। वहीं, संपादन और डीआई का काम सागर चुडेसरा ने किया है।
‘मां तू ही मेरी दुआ’ उन भावनाओं को सामने लाने का प्रयास है, जिनसे हर व्यक्ति अपने जीवन में कभी न कभी जुड़ाव महसूस करता है। यह प्रस्तुति मां के निस्वार्थ प्रेम, त्याग और संतान के प्रति उसके अटूट विश्वास को समर्पित है।



















