जयपुर। पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 35 वर्षीय महिला का शव मंगलवार एक फ्लैट में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस को महिला के लिव-इन पार्टनर युवराज पर हत्या करने का शक है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (एफएसएल) टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की तलाश में टीमें लगाई हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला पर किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई।
थानाधिकारी कविता यादव ने बताया कि मृतका पिछले काफी समय से युवराज के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों किराए के फ्लैट में रहते थे और मिलकर टिफिन सेंटर चलाते थे। युवराज शादीशुदा था, इसके बावजूद वह अपनी पत्नी से अलग रहकर महिला के साथ रह रहा था।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया था। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान युवक ने किसी भारी वस्तु से महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी महिला का शव फ्लैट के कमरे में छोड़कर फरार हो गया। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इसी दौरान पड़ोसी फ्लैट पर पहुंचे तो कमरे में महिला का शव पड़ा मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस को युवराज पर महिला की हत्या कर फरार होने का शक है। उसके संभावित ठिकानों पर तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस आपसी विवाद, हत्या के कारण और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।



















