जयपुर में ई-रिक्शा पर पुलिस का शिकंजा: विशेष अभियान में 239 जब्त

0
53

जयपुर। राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जयपुर यातायात पुलिस ने अवैध और नियम विरुद्ध संचालित ई-रिक्शा, ई-ऑटो और ऑटो के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत दो दिनों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 5261 कार्रवाई की गईं। वहीं विशेष अभियान के दौरान अब तक 614 ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 239 ई-रिक्शा जब्त किए गए हैं।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि यातायात पुलिस की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई कर रही हैं। इस अभियान के दौरान यातायात पुलिसकर्मियों ने ई-रिक्शा और ई-कार्ट चालकों की पहचान संबंधी जानकारी, वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की गई। साथ ही चालकों को यातायात नियमों की पालना करने और वाहनों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुसार करने की समझाइश भी दी गई।

यातायात पुलिस के अनुसार अवैध और नियम विरुद्ध वाहनों के संचालन से शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here