जयपुर। जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर मंगलवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने बम की धमकी से निपटने के लिए मॉक ड्रिल की। इसमें बम की धमकी मिलने जैसी आपात स्थिति तैयार कर सुरक्षा व्यवस्था, यात्रियों की निकासी और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का आकलन किया गया।
अभ्यास के दौरान टर्मिनल परिसर में डॉग स्क्वॉड और एंटी-बम टीम तैनात की गई। संभावित विस्फोटक से सुरक्षित तरीके से निपटने के लिए थ्रेट कंटेनमेंट व्हीकल (टीसीवी) को भी शामिल किया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार आपातकालीन प्रतिक्रिया और सूचना के आदान-प्रदान की प्रक्रिया का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल में एयरपोर्ट की टीमों के साथ सीआईएसएफ, राजस्थान पुलिस, एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस), इमिग्रेशन, कस्टम्स, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), डोमेस्टिक फायर टेंडर्स (डीएफटी), एयरलाइन प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों ने हिस्सा लिया।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, अभ्यास सभी संबंधित आंतरिक और बाहरी एजेंसियों के समन्वय से निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुरूप पूरा किया गया। इस तरह के अभ्यास यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को मजबूत करते हैं।

















