जयपुर। एयरपोर्ट थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया ऑटो रिक्शा और वारदात में इस्तेमाल किया गया दूसरा ऑटो भी बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजिता शर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए पंकज कुमार मीणा (19), निवासी मालपुरिया, थाना सैंथल, जिला दौसा और हरकेश कुमार मीणा (24), निवासी महाराजपुरा, थाना पापड़दा, जिला दौसा को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी रात के समय चोरी के इरादे से इलाके में घूमते थे। सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए वे अपने ऑटो को घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर खड़ा कर देते और पैदल चोरी करने पहुंचते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नए ऑटो का प्लग निकालकर उसे सीधे स्टार्ट कर फरार हो जाते थे।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों की जानकारी जुटा रही है।

















