जयपुर। श्री प्रदोष सेवा समिति रामबाग के तत्वावधान में भगवान श्री गोपेश्वर नाथ महादेव का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। भगवान के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। आकर्षक सजावट और दिव्य झांकी के बीच पूरा परिसर शिव भक्ति से सराबोर नजर आया।
समिति की ओर से सृष्टि के अधिनायक भगवान श्री राम-रामेश्वर भोलेनाथ के गोपेश्वर नाथ स्वरूप की अनुपम झांकी सजाई गई। श्रद्धा और भक्ति भाव से किए गए शृंगार ने झांकी की छटा को और मनमोहक बना दिया। दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति, आरोग्य, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
समिति के भक्त अनिल चांदीवाले ने बताया कि भगवान का शृंगार पूरी श्रद्धा, समर्पण और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान गोपेश्वर नाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

















