जयपुर। मणिपाल हॉस्पिटल जयपुर और सेंट मेरी ऑर्थोडॉक्स चर्च के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को हड्डियों, हृदय और मधुमेह संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा समय पर उचित चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की निशुल्क रक्तचाप (बीपी), रक्त शर्करा और ईसीजी जांच की गई। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को निशुल्क परामर्श दिया। इसमें मणिपाल हॉस्पिटल के हृदय रोग विशेषज्ञ, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ और अंतःस्रावी रोग विशेषज्ञ मौजूद रहे।
परामर्श के दौरान चिकित्सकों ने बीमारियों के उपचार के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने संतुलित खानपान, नियमित योग और व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी। शिविर में शामिल लोगों ने इस पहल और चिकित्सकों के मार्गदर्शन की सराहना की।
मणिपाल हॉस्पिटल प्रबंधन के अनुसार सामाजिक सरोकार के तहत इस तरह के निशुल्क स्वास्थ्य जांच और जनजागरूकता शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के विभिन्न वर्गों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।

















