गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा प्रतिबद्ध : मदन राठौड़

0
41

जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में भी पार्टी के पक्ष में जोरदार मतदान हुआ है। नगरीय निकाय चुनाव के बाद पंचायती राज में भी भाजपा का कमल खिलेगा और गांवों के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने गांवों के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया है और ग्राम विकास संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा किया जाएगा।

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए गांवों और ढाणियों का विकसित होना जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, इंटरनेट और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर पलायन रोकने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने अपने संकल्प पत्र के करीब 78 प्रतिशत कार्य पौने तीन वर्ष में पूरे किए हैं।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित करने और अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने की योजना है। इन केंद्रों पर इंटरनेट, ऑनलाइन शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

राठौड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंख्या और जरूरतों के अनुरूप स्वास्थ्य केंद्रों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाएं बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। साथ ही डिजिटल माध्यमों और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य गांवों में शहरों के समान मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर ग्रामीण जीवन को सुगम और समृद्ध बनाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here