शिखर अग्रवाल को निर्दोष साबित करेगी सरकार: डोटासरा

0
43
Dotasra to hold a meeting regarding the 'Expand the Organization—Save Democracy' campaign.
Dotasra to hold a meeting regarding the 'Expand the Organization—Save Democracy' campaign.

जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आईएएस शिखर अग्रवाल के 40 विला खरीद प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण पद पर रहे अधिकारी पर गंभीर आरोप लगने के बावजूद मुख्यमंत्री चुप्पी साधे हुए हैं। डोटासरा ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार जांच के बाद शिखर अग्रवाल को निर्दोष साबित करेगी और फिर अपनी ईमानदारी का प्रचार करेगी।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में डोटासरा ने कहा कि उनकी बात लिखकर रख ली जाए, जांच में शिखर अग्रवाल को निर्दोष साबित किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री भाषणों में कहेंगे कि अधिकारी को एपीओ किया, जांच करवाई, लेकिन कुछ नहीं निकला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सामने आकर पूरे मामले में जवाब देना चाहिए। केवल प्रारंभिक जांच (पीई) दर्ज करना और अधिकारी को एपीओ करना पर्याप्त नहीं है। जनता जानना चाहती है कि आखिर इस मामले में क्या हुआ।

एसीबी की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए डोटासरा ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर का अधिकारी एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के खिलाफ किस तरह निष्पक्ष जांच कर पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पिछले तीन साल से कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं, लेकिन अपने कार्यालय के अधिकारी पर लगे आरोपों पर चुप हैं।

डोटासरा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में साधारण काम भी बिना लेनदेन के नहीं हो रहे। भाजपा के मंत्रियों और कार्यकर्ताओं के काम भी रिश्वत के बिना नहीं हो रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सवाल पूछती है तो भाजपा नेताओं को तकलीफ होती है।

तंज कसते हुए बोले कि राठौड़ को सुबह व्हाट्सऐप पर संदेश मिलता है कि आज क्या बोलना है और वे वही बोलते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भाजपा की है, इसलिए कांग्रेस सवाल पूछेगी और जनता भी जवाब मांग रही है। आरोपों का जवाब सरकार को देना चाहिए।

डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में वोट के अधिकार और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक नवंबर को दिल्ली में इंडिया गठबंधन की रैली होगी। उन्होंने दावा किया कि रैली में 10 लाख से अधिक लोग जुटेंगे और यह देश के इतिहास की महत्वपूर्ण घटना होगी। उनके अनुसार, राजस्थान से एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं की सूची मिली है, जिसमें नाम, मोबाइल नंबर और वाहनों के नंबर तक दर्ज हैं। प्रदेश से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here