जयपुर। दीपावली की रात पटाखों की चिंगारी वैशाली नगर स्थित सब्जी मंडी तक पहुंच गई, जिससे मंडी में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और वहां खड़े सब्जियों के कई ठेले इसकी चपेट में आकर जलकर राख हो गए। घटना रविवार – सोमवार की मध्य रात्रि करीब 1:40 बजे की है। सूचना पर पहुंची वैशाली नगर थाना पुलिस और दमकल की दो गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
थानाधिकारी अरविन्द सिंह ने बताया कि आम्रपाली रोड पर करणी पैलेस के पास नगर निगम की ओर से सब्जी मंडी संचालित की जाती है। यहां ठेलों पर सब्जियां बेची जाती हैं। दीपावली की देर रात पटाखे की चिंगारी से मंडी परिसर में लगे पेड़-पौधों में आग लग गई। तेज लपटों के कारण आग ने आसपास खड़े सब्जियों के ठेलों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
मंडी में आग की ऊंची लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग से मंडी में खड़े सब्जियों के कुछ ठेले जलकर राख हो गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

















