जयपुर। जवाहर नगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार थार का कहर देखने को मिला। दीपावली की देर रात करीब 2:40 बजे मामा की होटल के पास एक सफेद थार ने आगे चल रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा। गनीमत रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद थार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
इधर वीडियो के अनुसार सफेद थार तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ती नजर आ रही है। शुरुआत में चालक एक बाइक सवार को टक्कर मारने से बाल-बाल बचता है, लेकिन कुछ दूरी आगे चल रही दूसरी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार देता है। टक्कर लगते ही बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर जाता है। हालांकि, कुछ ही देर में वह खुद को संभालकर खड़ा हो जाता है।
हादसे के बाद बाइक सवार ने उठकर थार चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। बाइक को टक्कर मारने वाली थार का नंबर RJ 59 CD 3176 बताया गया है।
थानाधिकारी सरला यादव ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में थाने में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, मामले की जांच में चालक की लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

















