जिफ-2027 की दूसरी सूची में 35 देशों की 147 फिल्में और पटकथाएं चयनित

0
28

जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (जिफ) 2027 की दूसरी चयन सूची जारी कर दी गई है। इसमें 35 देशों की 147 फिल्मों और पटकथाओं को शामिल किया गया है। सूची में 47 भारतीय और 100 विदेशी फिल्में हैं। इस बार चयनित फिल्मों में इतिहास, सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाओं और समकालीन विषयों के साथ नई तकनीक पर आधारित सिनेमा को भी प्रमुखता दी गई है।

इनमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर आधारित ‘द बोस फाइल्स : सच या साजिश’, अभिनेता किरण कुमार की ‘द लास्ट कैंडिडेट’, हितेन तेजवानी और गौरी प्रधान अभिनीत ‘मिसाल’ तथा ईरानी फिल्म ‘के-पॉपर’ प्रमुख हैं।

जिफ के संस्थापक निदेशक हनु रोज ने बताया कि दूसरी सूची में शामिल फिल्मों में कई चर्चित कलाकार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले फिल्मकार जुड़े हैं। राजेश गुप्ता के निर्देशन में बनी ‘द बोस फाइल्स : सच या साजिश’ इस सूची के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। फिल्म नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन, उनके विचारों और उनसे जुड़े अनसुलझे सवालों पर आधारित है। इसमें यतीन कार्येकर, अखिलेन्द्र मिश्रा, अपूर्वा अरोड़ा, वीरेन्द्र सक्सेना और अमित बहल जैसे कलाकार नजर आएंगे।

वहीं अभिनेता किरण कुमार अभिनीत ‘द लास्ट कैंडिडेट’ और हितेन तेजवानी, गौरी प्रधान तथा पंकज बेरी की फिल्म ‘मिसाल’ को भी चयनित किया गया है।अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में ईरानी सिनेमा की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय है। निर्देशक इब्राहिम अमीनी की फिल्म ‘के-पॉपर’ में सरेह बयात और सेतायेश देहघान प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

सरेह बयात इससे पहले ऑस्कर विजेता ईरानी फिल्म ‘अ सेपरेशन’ में भी अभिनय कर चुकी हैं। वर्ष 2011 में इस फिल्म ने ईरान को पहला ऑस्कर दिलाया था। खास बात यह है कि ऑस्कर जीतने से पहले ‘अ सेपरेशन’ का प्रदर्शन जिफ के 2011 संस्करण में भी हुआ था।

इसके अलावा ईरानी फिल्म ‘द मैन हू डिड नॉट ड्राउन’ और एनिमेशन फिल्म ‘द टेल ऑफ पोमेग्रेनेट’ को भी चयनित फिल्मों में जगह मिली है। अमेरिकी वृत्तचित्र ‘गिव इट अ शॉट’ भी इस सूची का हिस्सा है। इन फिल्मों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, मानवीय अनुभवों और रचनात्मक प्रयोगों को अलग-अलग दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया जाएगा।

जिफ की ओर से अक्टूबर में जारी पहली चयन सूची में 80 देशों से प्राप्त 1805 फिल्म प्रविष्टियों में से 39 देशों की 248 फिल्मों को शामिल किया गया था। अब दूसरी सूची जारी होने के बाद महोत्सव में शामिल होने वाली फिल्मों और पटकथाओं का दायरा और बढ़ गया है। दूसरी सूची में 35 देशों की 147 प्रविष्टियों को स्थान मिला है।

जिफ-2027 की खास बात यह है कि इस बार पारंपरिक फिल्म निर्माण के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जरिए तैयार फिल्मों को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। इसके लिए एआई फीचर फिक्शन, एआई शॉर्ट फिक्शन और एआई एनिमेशन जैसी अलग-अलग प्रतियोगिता श्रेणियां रखी गई हैं। इससे नई तकनीक के साथ प्रयोग करने वाले फिल्मकारों और रचनाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

दूसरी चयन सूची में कुल 13 प्रतियोगिता श्रेणियों के अंतर्गत फिल्में और पटकथाएं शामिल की गई हैं। इनमें फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म, वृत्तचित्र, एनिमेशन, एआई आधारित फिल्में, विज्ञापन फिल्में, संगीत और फोटोग्राफी जैसी विधाएं शामिल हैं। इस तरह जिफ-2027 में एक ओर इतिहास और समाज से जुड़ी कहानियां दर्शकों के सामने आएंगी, वहीं दूसरी ओर सिनेमा के बदलते तकनीकी स्वरूप और नए रचनात्मक प्रयोगों की झलक भी देखने को मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here