‘दीवाली खुशियों वाली’ प्रतियोगिता में आवेदन की तारीख बढ़ी: अब 19 नवंबर तक मिलेगा मौका

0
31

जयपुर। जयपुर नगर निगम की ओर से दीपावली पर आयोजित ‘दीवाली खुशियों वाली’ प्रतियोगिताओं में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 19 नवंबर 2026 कर दी गई है। पार्षदों और नागरिकों की मांग पर निगम ने यह निर्णय लिया है। अब सभी सातों श्रेणियों में दीपावली के दौरान की गई सजावट की मोबाइल गैलरी में पहले से सुरक्षित तस्वीरें भी अपलोड की जा सकेंगी। प्रतिभागियों को दोबारा सजावट करने या नई तस्वीरें लेने की जरूरत नहीं होगी।

प्रतियोगिताओं में वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता, आवासीय क्षेत्रों में पारंपरिक एवं आधुनिक सजावट, व्यावसायिक और संस्थागत प्रतिष्ठान तथा परकोटा (हेरिटेज) एवं ग्रेटर क्षेत्र के बाजार शामिल हैं। वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता में पार्षदों को अपने वार्ड की स्वच्छता, नवाचार और विशेष पहलों से जुड़ी 50 सर्वश्रेष्ठ तस्वीरें प्रस्तुत करनी होंगी। विजेता वार्ड को प्रथम पुरस्कार के रूप में 51 लाख, द्वितीय को 31 लाख, तृतीय को 21 लाख तथा चौथे से दसवें स्थान पर रहने वाले प्रत्येक वार्ड को 11 लाख रुपए के अतिरिक्त विकास कार्य दिए जाएंगे।

आवासीय क्षेत्रों की पारंपरिक और आधुनिक सजावट श्रेणियों में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन, एलईडी टीवी और स्मार्टफोन जैसे पुरस्कार रखे गए हैं। वहीं व्यावसायिक एवं संस्थागत प्रतिष्ठानों और बाजारों में उत्कृष्ट सजावट करने वालों को स्मृति-चिह्न और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी jaipurdiwali.com पर मोबाइल नंबर से पंजीकरण कर संबंधित श्रेणी का चयन कर सकते हैं। इसके बाद दीपावली के दौरान की गई सजावट की तस्वीरें मोबाइल गैलरी से अपलोड की जा सकेंगी। निर्णायक मंडल निर्धारित मापदंडों के आधार पर प्रविष्टियों का मूल्यांकन करेगा। विजेताओं को महापौर सम्मानित करेंगे।

नगर निगम ने नागरिकों, व्यापारियों, संस्थागत प्रतिष्ठानों और वार्ड पार्षदों से बढ़ी हुई अवधि का लाभ उठाकर अधिकाधिक भागीदारी की अपील की है। प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि 19 नवंबर 2026 है। इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here