बेकाबू डंपर ने ऑटो और स्कूल बस को मारी टक्कर

0
29

जयपुर। भांकरोटा थाना क्षेत्र में अजमेर रोड स्थित धारव पब्लिक स्कूल के गेट के पास शनिवार को तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े ऑटो रिक्शा और स्कूल बस को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय स्कूल बस में बच्चे सवार नहीं थे। बस से करीब आधा घंटे पहले ही बच्चों को उतारा गया था। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।

थानाधिकारी दीपक त्यागी के अनुसार डंपर अजमेर की ओर से जयपुर आ रहा था। धारव पब्लिक स्कूल के गेट के पास पहुंचने पर डंपर ने पहले ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी और फिर स्कूल के बाहर खड़ी बस को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ऑटो में फंसे घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल भिजवाया।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार डंपर तेज रफ्तार में अजमेर रोड से जयपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान वह सड़क के बाईं ओर धारव पब्लिक स्कूल की तरफ घुस गया। पहले उसने ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी और फिर स्कूल के बाहर खड़ी बस से जा भिड़ा।

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस ने लोगों को हटाकर यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया। इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

थानाधिकारी दीपक त्यागी ने बताया कि हादसा अजमेर रोड स्थित धारव पब्लिक स्कूल के गेट के सामने हुआ। प्रारंभिक जांच में डंपर के ब्रेक फेल होना हादसे का संभावित कारण सामने आया है। डंपर का पंजीकरण नंबर आरजे-5 जीए-0313 है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर उसकी तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here