जयपुर। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में महिलाओं पर बिना नंबर प्लेट लगी सफेद कार चढ़ाने की कोशिश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कार सवार तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए महिलाओं की ओर कार बढ़ाता नजर आ रहा है। इस दौरान एक महिला कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद महिलाओं में आक्रोश फैल गया और कुछ महिलाएं पत्थर लेकर कार के पीछे दौड़ती दिखाई दे रही हैं।
वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौके पर मौजूद नजर आ रहे हैं। कार की तेज रफ्तार और चालक की कथित लापरवाही का महिलाएं विरोध करती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान कुछ महिलाएं मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो भी बना रही हैं। आरोप है कि कार चालक ने एक महिला की तरफ गाड़ी बढ़ा दी, जिससे वह बाल-बाल बची। इसके बाद आक्रोशित महिलाओं ने पत्थर लेकर कार का पीछा किया। वीडियो में कार चालक रिवर्स गियर में गाड़ी पीछे ले जाता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
मामले में एसीपी मालवीय नगर शिवदयाल बाजिया ने बताया कि फिलहाल इस घटना की जानकारी सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो मंगवाकर मामले की जानकारी ली जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं खोह नागोरियान थानाधिकारी सुनील कुमार गोदारा ने बताया कि घटना पुरानी है। उस समय किसी भी पक्ष की ओर से थाने में मामला दर्ज नहीं करवाया गया था। अब वायरल वीडियो के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

















