स्कॉर्पियो के बोनट पर केक काटकर हुड़दंग मचाने वाले दो गिरफ्तार

0
40

जयपुर। महेश नगर थाना क्षेत्र की सुंदर विहार कॉलोनी में बीच सड़क पर स्कॉर्पियो गाड़ी के बोनट पर केक काटकर हुड़दंग मचाने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई की।

डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज के अनुसार घटना 27 नवंबर की रात की है। आरोप है कि जन्मदिन मनाने के दौरान युवकों ने स्कॉर्पियो को बीच सड़क पर खड़ा कर उसके बोनट पर केक काटा। इस दौरान गाड़ी में लगी फ्लैश लाइट जलाने के साथ तेज आवाज में वीआईपी हूटर भी बजाया गया। इससे कॉलोनी में हुड़दंग और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा था, जिसमें कुछ युवक बीच सड़क पर स्कॉर्पियो खड़ी कर उसके बोनट पर केक काटते दिखाई दे रहे थे। गाड़ी पर ‘पुलिस’ लिखा हुआ था और पुलिस का स्टीकर भी लगा था। युवकों ने फ्लैश लाइट और तेज आवाज वाले वीआईपी हूटर का इस्तेमाल कर कॉलोनी में उत्पात मचाया।

जांच में सामने आया कि हुड़दंग में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो जयपुर के सोडाला थाने में तैनात कांस्टेबल रोहिताश मीणा के नाम पर पंजीकृत है। गाड़ी में अवैध रूप से फ्लैश लाइट और वीआईपी हूटर लगाए जाने का भी आरोप है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो जब्त कर ली है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here