जयपुर। महेश नगर थाना इलाके में रविवार दोपहर को ट्रेन की चपेट में आने से कोचिंग छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतका बिना देखे ही रेलवे ट्रेक पार कर रहीं थी। इसी दौरान वो ट्रेन की चपेट में आ गई। घटना के बाद राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और अर्जुन नगर फाटक पर लम्बा जाम लग गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सवाई मानसिंह अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है। पुलिस मृतका का शिनाख्त कर घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी है। जिसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर यातायात सुचारु करवाया।
थानाधिकारी सुरेश यादव ने बताया कि सीमा महावर (28) पुत्री जगदीश महावर पृथ्वीपुरा ,तुंगा निवासी प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहीं थी। रविवार दोपहर 12 बजे बाजार से सामान खरीदने के लिए घर से निकली थी।
इसी दौरान बिना देखे वो अर्जुन नगर रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहीं थी। इसी दौरान वो ट्रेन की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबदस्त थी की उसका पैर कटकर दूर जा गिरा। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।




















