जयपुर। चित्रकूट थाना इलाके में शादी की खरीदारी करने जा रहे पति-पत्नी के साथ के कार सवार बदमाशों ने अभद्रता की। विवाहिता ने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने महिला का हाथ मरोड़ कर उसके साथ छेड़छाड़ करना शुरु कर दिया। बदमाशों ने पीड़ित की कार पर लात मार कर उसके साइड वाले शीशे भी तोड़ दिया।
राहगीरों की भीड़ जमा होते देख कार सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात कार सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस ने बताया कि 200 फीट बाईपास अजमेर रोड निवासी विवाहिता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिश्तेदार की शादी के चलते वो अपने पति के साथ कार में वैशाली नगर में खरीदारी करने जा रहीं थी। 30 जनवरी की रात करीब 9 बजे वापस लौटते समय अक्षरधाम चौराहे पर गलत दिशा से तेज रफ्तार कर सामने से आई। तभी पीड़िता ने गलत दिशा में इतनी तेज रफ्तार से कार चलाने की बात कही।
इस पर कार सवार तीन-चार युवक बाहर आए और उसके पति से हाथापाई करने लग गए। बीचबचाव करने के लिए विवाहिता भी कार से बाहर आई तो बदमाशों ने उसका हाथ मरोड़ कर अभद्रता करना शुरु कर दिया। विवाहिता से अभद्रता होती देख राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
तभी कार सवार बदमाशों ने लात मार कर कार के साइड के शीशे तोड़ दिए और फरार हो गए। आरोपियों के चुगंल से मुक्त होने के बाद पीड़िता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर अज्ञात कार सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।




















