जयपुर। राजधानी की रामगंज थाना पुलिस ने चोरी की एक वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के कीमती जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि रामगंज थाना पुलिस ने चोरी की एक वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर महिला खुशनाज बानो उर्फ कोमन निवासी रामगंज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 18 ग्राम सोने की आड़,3 जोड़ी चांदी की पायजेब (वजन 445 ग्राम) 4 चांदी की बिछिया बरामद की है।
थानाधिकारी सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि परिवादिया लक्ष्मीराव निवासी घोसियों का रास्ता ने मामला दर्ज करवाया है कि जब वह बैंक गई हुई थी और उसका भाई दुकान पर था। तब पीछे से किसी ने खिड़की के रास्ते कमरे में प्रवेश किया और अलमारी में रखे जेवरात पार कर दिए। शाम को घर लौटने पर चोरी का पता चला। जिस पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इस पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय मुखबिरों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को लक्ष्मी के घर में ही किराए पर रहने वाली खुशनाज बानो उर्फ कोमल पर शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी महिला ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस अब आरोपी महिला से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पिकअप से भैंस चोरी करने वाले गैंग के पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस थाना चाकसू ने पशु चोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भैंस चोरी करने वाली एक शातिर गैंग के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की एक भैंस और वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी बरामद की है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
जयपुर दक्षिण पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस थाना चाकसू ने कार्रवाई करते हुए भैंस चोरी करने वाली एक शातिर गैंग के शातिर बदमाश सूरज नायक (19) निवासी चाकसू,मनीष नायक (18) निवासी चाकसू,देवा उर्फ देवराज (19) निवासी चाकसू,पन्या उर्फ स्टेफनी (18) निवासी कोटखावदा और राजवीर नायक (21) निवासी शिवदासपुरा को गिरफ्तार किया है। इनमें से आरोपी देवा और मनीष का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है ।
इस वारदात के खुलासे में थानाधिकारी मनोहर लाल, हेड कांस्टेबल खेमचंद, कांस्टेबल जगदीश व बाबूलाल की अहम भूमिका रही । विशेष रूप से कांस्टेबल राजेश कुमार और जितेंद्र कुमार ने इस गैंग को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।थानाधिकारी मनोहर लाल ने बताया कि पिछले कुछ समय से चाकसू, शिवदासपुरा, कोटखावदा और सांगानेर सदर इलाकों में अज्ञात चोरों द्वारा भैंस चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था।
वारदातों की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त भवानी सिंह के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया । टीम ने टोल प्लाजा और वारदात स्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सहायता से आरोपियों को चिन्हित कर दबोच लिया । गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान क्षेत्र में करीब एक दर्जन पशु चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।




















