जयपुर। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के तत्वावधान में सी-स्कीम स्थित हनुमान मंदिर धुलेश्वर गार्डन में चल रही तीन दिवसीय श्री हनुमान कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा स्थल पर भक्ति व आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
कथा व्यास साध्वी लोकेशा भारती ने प्रवचन में कहा कि वर्तमान समय की मानसिक अशांति का समाधान केवल ईश्वर से जुड़ाव और सच्चे गुरु के मार्गदर्शन में ही संभव है। उन्होंने बताया कि गुरु ही साधक को ईश्वर साक्षात्कार का मार्ग दिखाते हैं।
कथा में हनुमान जी के सुरसा व लंकिणी प्रसंगों के माध्यम से जीवन की बाधाओं को धैर्य, बुद्धि और भक्ति से पार करने का संदेश दिया गया। साथ ही विभीषण प्रसंग के जरिए बताया गया कि सच्चा भक्त दूसरों को भी ईश्वर से जोड़ता है।
भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय रहा। आयोजक राजेंद्र दाधीच ने बताया कि कथा का समापन 4 अप्रैल 2026 को होगा और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील की।




















