जयपुर। चित्रकूट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी-नकबजनी करने वाली मध्यप्रदेश की एक गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दस से बारह लाख रुपए के सोने के आभूषण, चोरी की बाइक, स्कूटी और डुप्लीकेट चाबी बनाने के औजार भी जब्त किए है।
पुलिस जाचं में सामने आया कि यह गैंग मध्यप्रदेश से जयपुर आकर होटलों में रुकती और रैकी कर वारदातों को अंजाम देती थी। इस गैंग के बदमाशों ने जयपुर में सात वारदात कबूल की हैं। इसके साथ ही दिल्ली, सूरत (गुजरात), महाराष्ट्र और राजस्थान के चूरू, बीकानेर, श्रीगंगानगर सहित कई अन्य जिलों में भी वारदात करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि चित्रकूट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी-नकबजनी करने वाली मध्यप्रदेश गैंग के भगवानपुरा (मध्य प्रदेश) निवासी गुरबीर सिंह चौहान, औझर (एमपी) निवासी हरजीत सिंह और उमटी (एमपी) निवासी शेर सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार इन आरोपियों के खिलाफ चित्रकूट थाने में पांच मुकदमे दर्ज हैं। इसके साथ ही चूरू जिले के बीदासर, सेंदवा, जसरासर (बीकानेर), सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर) और वैशाली नगर (जयपुर) थाने में भी मुकदमे दर्ज हैं।
डीसीपी पश्चिम ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े चार-पांच बदमाश जयपुर आते और फिर यहां होटलों में कमरा किराए पर लेकर घूमने के बहाने रैकी करते। टारगेट तय करने के बाद वारदात को अंजाम देते और एक साथी नकदी व जेवरात ले जाकर अपने ठिकानों पर छुपा देता। वह जितने दिन जयपुर में रूकते, वह हर दिन वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस पूछताछ में और भी कई वारदातें खुलने की आशंका जताई जा रही है।



















