जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जिले की साइबर टीम ने सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ‘वज्र प्रहार 2.0’ अभियान के तहत की गई।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) हनुमान प्रसाद के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता के सुपरविजन में चौमूं एसीपी उषा यादव के नेतृत्व में साइबर सेल प्रभारी अनिल कुमार तथा तकनीकी शाखा की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने इंस्टाग्राम और जस्ट डायल पर ए-4 साइज पेपर, मेडिकल किट और वॉलपेपर जैसे सामान के आकर्षक दरों पर फर्जी विज्ञापन डाल रखे थे। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले ग्राहकों से आरोपी पहले ऑनलाइन एडवांस राशि ट्रांसफर करवा लेते थे। राशि मिलने के बाद या तो सामान नहीं भेजते थे या फर्जी बिल्टी बनाकर ग्राहकों को गुमराह कर देते थे।
यह कार्रवाई हरमाड़ा थाना पुलिस की ओर से की गई, जहां इस संबंध में चार मुकदमे दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में प्रयुक्त 6 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, 4 फर्जी बिल्टी बुक और 5,550 रुपए नकद बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी ठगी की राशि प्राप्त करने के लिए 8 अलग-अलग बैंक खातों का उपयोग कर रहे थे। इन खातों से जुड़े मामलों में समन्वय पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज मिली हैं, जबकि उपयोग में लिए गए सिम कार्डों के खिलाफ भी शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और गिरोह के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।



















