खोले धाम में हनुमत् जन्मोत्सव पर सजी भक्ति रस की महफिल

0
47
A gathering of devotion organized on the occasion of Hanumat Janmotsav in Khole Dham.
A gathering of devotion organized on the occasion of Hanumat Janmotsav in Khole Dham.

जयपुर। लक्ष्मण डूंगरी स्थित खोले के हनुमान मंदिर में हनुमत् जन्मोत्सव के तहत मंगलवार को भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। फूलों की होली के बीच कलाकारों ने मनोहारी नृत्य और भजनों की प्रस्तुतियां देकर पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान हुई हल्की बरसात ने माहौल को और भी दिव्य बना दिया। भक्तों ने इसे ऐसा अनुभव बताया मानो इन्द्रदेव स्वयं इस रास को देखने धाम में उपस्थित हुए हों। श्री न र व र आश्रम सेवा समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि भारतीय कला संस्थान, डीग के कलाकारों ने गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद रामधुनी पर “भये प्रगट कृपाला” सहित विभिन्न भक्तिमय प्रस्तुतियां दी गईं।

कलाकारों ने गोवर्धन महाराज जन्म प्रसंग, ब्रज धाम वंदना “मीठी रस से भरी राधा रानी…”, माखन चोरी, गोपेश्वर और प्रेम लीला पर सामूहिक रास प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

फूलों की होली के दौरान करीब 300 किलो गुलाब और गेंदे की पंखुड़ियों की वर्षा की गई। कार्यक्रम का संयोजन विष्णु शर्मा और अशोक शर्मा ने किया। अंत में समिति के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा ने सभी कलाकारों का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया।

पांच दिवसीय हनुमत् जन्मोत्सव के तहत चौथे दिन बुधवार को कहरवा म्यूजिक अकादमी के पं. विजय सिद्ध, पं. विजयेन्द्र गौतम और सुपर स्टार सिंगर आकांक्षा राव भक्ति संध्या में भजन प्रस्तुत करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here