जयपुर। श्री राजपूत सभा के तत्वावधान में शनिवार को राजपूत समाज की महिलाओं द्वारा परम्परागत फागोत्सव अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह भव्य कार्यक्रम दोपहर 2:15 बजे से सायं 5 बजे तक सभा भवन के प्रांगण में आयोजित होगा । उत्सव का मुख्य संयोजन एवं संचालन सभा-कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सुमन कंवर बाबरा एवं सहमंत्री पृथ्वी सिंह कालीपहाड़ी द्वारा किया जाएगा।
इस फागोत्सव में क्षत्राणियां पारम्परिक राजस्थानी पोशाक, लहरियों के फाल्गुनी पहनावे और आभूषणों से सुसज्जित होकर अपनी पूर्ण सहभागिता निभाएंगी। कार्यक्रम के दौरान समाज की महिलाएं फाल्गुनी लोक गीतों के सामूहिक गायन के साथ राजस्थानी घूमर और नृत्य की मोहक प्रस्तुतियाँ देंगी। उत्सव के दौरान परस्पर हंसी-ठिठोली,पुष्प वर्षा और अबीर-गुलाल के तिलक से वातावरण को फाल्गुनी रंगों से सराबोर किया जाएगा।
विशेष रूप से इस अवसर पर नई नवेली बीनणियों,बालिकाओं और नवागन्तुक महिलाओं को आपसी परिचय करने तथा सामाजिक विषयों पर विचारों के आदान-प्रदान का सुअवसर प्राप्त होगा।
सभाध्यक्ष राम सिंह चंदलाई ने समाज की सभी गणमान्य महिलाओं से इस फागोत्सव में पधारकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का सादर आग्रह किया है।




















