रवि पुष्य नक्षत्र व पूर्णिमा पर चांदपोल गणेश मंदिर में होगा महाभिषेक

0
34

जयपुर। रवि पुष्य नक्षत्र और पूर्णिमा तिथि के शुभ संयोग पर चांदपोल परकोटा स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर रविवार को रवि पुष्य नक्षत्र 101 किलो दूध एवं पंचामृत से भगवान गणेश का भव्य अभिषेक किया जाएगा।

मंदिर महंत पंडित अमित शर्मा के सानिध्य में सर्वप्रथम भगवान गणेश का दूध, दही, शहद, गंगाजल, केवड़ा जल, गुलाब जल एवं केसर युक्त जल से विधिवत अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के पश्चात गणेश जी महाराज को सिंदूर का चोला चढ़ाया जाएगा तथा उन्हें नवीन एवं आकर्षक पोशाक धारण कराई जाएगी।

इन धार्मिक अनुष्ठानों के क्रम में भगवान गणेश को गणपति अथर्वशीर्ष एवं गणपति अष्टोत्तर नामावली के मंत्रोच्चार के साथ मोदक का भोग अर्पित किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ किया जाएगा और गणेश जी महाराज को दूर्वा अर्पित की जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में भक्तों को भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी के स्वरूप में हल्दी की गांठ एवं सुपारी का वितरण किया जाएगा। रवि पुष्य नक्षत्र के इस विशेष अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here