लकड़ी की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, फैक्ट्री मालिक आग बुझाने में झुलसा, अस्पताल में उपचार जारी

0
194

जयपुर। भांकरोटा थाना इलाके में देर रात एक लकड़ी की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही समय में विकराल रुप धारण कर लिया। आग की सूचना पर बिंदायक और मानसरोवर से आधा दर्जन दमकल मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। आग से लाखों रुपए का कच्चा व तैयार माल जलकर स्वाहा हो गया। घटना के समय करीब आधा दर्जन मजदूर फैक्ट्री में सो रहे थे। समय रहते मजदूर बाहर निकल आए वरना बड़ा हादसा हो सकता है। फैक्ट्री मालिक ने आग बुझाने का प्रयास किया। आग बुझाने के प्रयास में फैक्ट्री मालिक झुलस गया। झुलसे फैक्ट्री मालिक का अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार भांकरोटा में सूर्य नगर बी-3 स्थित एक लकड़ी की फैक्ट्री में रात करीब डेढ़ बजे अचानक आग लग गई। फैक्ट्री से धुआं निकलता देखकर आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। आग ने कुछ ही समय में विकराल रुप धारणकर लिया। आग लगते ही वहां पर सो रहे कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना पर फैक्ट्री मालिक सुखलाल प्रजापत भी मौके पर पहुंचा। फैक्ट्री मालिक ने मौके पर पहुंच कर कर्मचारियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। आग बुझाने के प्रयास में सुखलाल झुलस गए। आग की सूचना पर मानसरोवर से तीन और बिंदायका से 2 दमकल मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। मामले की सूचना पर एसीपी हेमेंद्र शर्मा और सीआई मनीष गुप्ता मौके पर पहुंचे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here