जयपुर। मानव सेवा और समाज कल्याण की भावना को साकार करते हुए वाईबीआरएसएस (युवा बड़वा राव सेवा संस्था) की ओर से रविवार को जयपुर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन यादव मैरिज गार्डन जगदम्बा नगर जयपुर किया जाएगा। संस्था द्वारा आयोजित यह त्रयोदशम (13वां) रक्तदान शिविर समाज के जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।
रक्तदान महादान की भावना के साथ आयोजित इस शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना और जरूरतमंदों की मदद करना है। चिकित्सकों का मानना है कि रक्त की एक छोटी सी बूंद भी किसी दुर्घटना पीड़ित, ऑपरेशन के मरीज या गंभीर बीमारी से जूझ रहे व्यक्ति के लिए नई जिंदगी का सहारा बन सकती है।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि रक्तदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। एक स्वस्थ व्यक्ति हर 3 से 4 महीने में सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है और इससे शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता। बल्कि रक्तदान के बाद शरीर में नया रक्त बनने की प्रक्रिया तेज होती है, जो स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी मानी जाती है।




















