जयपुर। सामोद थाना इलाके में स्थित जाटावाली रीकों इंडस्ट्रियल एरिए में मूंगफली की फैक्ट्री में छीलकों के कारण शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में लाखों रुपयों का माल आग की भेंट चढ़ गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंच कर एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जिससे आसपास की फैक्ट्रियों को नुकसान नहीं पहुंचा
अग्निशमन अधिकारी जयकुमार जांगिड़ ने बताया कि सामोद क्षेत्र की हंसा एग्रो प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक से आग लगी और देखते ही देखते फैक्ट्री के अंदर रखी मूंगफली और अन्य कच्चा माल आग की चपेट में आ गया।
राहगीरों की सूचना पर चौमूं से दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन जब तक फैक्ट्री में रखा लाखों रुपयों का कच्चा माल आग की चपेट में आ गया।
फैक्ट्री में रखी मूंगफली, पैकिंग सामग्री और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त फैक्ट्री में कोई मौजूद नहीं था। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस आग लगने के कारणों का पता करने में जुटी है।



















