जयपुर। मुरलीपुरा क्षेत्र की देवधारा बस्ती का विराट हिंदू सम्मेलन 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन दिन अपराह्न तीन बजे से रामेश्वरधाम कॉलोनी स्थित महेश पब्लिक स्कूल में आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर विकासनगर स्थित श्री राधा कृष्ण शिव मंदिर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विकास समितियों के पदाधिकारियों के अलावा सभी दस कॉलोनियों के लोग उपस्थित रहे।
उपस्थित लोगों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अनेक सुझाव दिए। इसमें मातृ शक्ति को अधिकाधिक संख्या में जोडऩा, प्रभातफेरी निकालना, घरों पर भगवा ध्वज फहराना, वाहन रैली निकालना प्रमुख है। सभी ने सुझावों का अनुमोदन किया। विराट हिंदू सम्मेलन में संतों और शहीदों के परिजनों का सान्निध्य प्राप्त होगा। सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए हिंदू समाज के सभी वर्गों के लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे।
भगवान शिव और पार्वती का विवाह, भस्म आरती मुख्य झांकी होगी। महिलाएं घर से दीपक लाकर भगवान शिव-पार्वती के स्वरूप की झांकी उतारेगी। इस मौके पर संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ भी होगा। हिंदू दर्शन पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। पूर्व संध्या पर 14 फरवरी को सुबह वाहन रैली निकाली जाएगी। लोगों के घर-घर जाकर पीले चावल देकर आमंत्रण दिया जाएगा।




















