जयपुर। राजस्थान में डिजिटल डेटा सुरक्षा को लेकर पुलिस ने गंभीर चेतावनी जारी की है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि साइबर अपराधी अब एनएएस डिवाइस का उपयोग करने वाले संस्थानों को निशाना बना रहे हैं।
उप महानिरीक्षक साइबर क्राइम शांतनु कुमार सिंह के अनुसार इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के इनपुट के बाद यह सामने आया है कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी फर्म, कंसल्टिंग एजेंसियां, अस्पताल, आईटी, मीडिया और शैक्षणिक संस्थान विशेष रूप से जोखिम में हैं।
साइबर हमलावर असुरक्षित या ओपन एनएएस सिस्टम को पहचानकर कमजोर पासवर्ड और पुराने सॉफ्टवेयर का फायदा उठाते हैं। इसके बाद वे सिस्टम में घुसपैठ कर डेटा को कॉपी या एन्क्रिप्ट कर देते हैं और संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक करने की धमकी देकर फिरौती मांगते हैं।
एडवाइजरी में संस्थानों को एनएएस सिस्टम की इंटरनेट एक्सेस सीमित रखने, मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने, मजबूत पासवर्ड उपयोग करने, सॉफ्टवेयर अपडेट रखने और नियमित बैकअप बनाने की सलाह दी गई है। साथ ही संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई, प्रभावित सिस्टम को नेटवर्क से अलग करने और विशेषज्ञों की मदद लेने के निर्देश दिए गए हैं।



















