जयपुर। जवाहर सर्किल थाना इलाके में स्थित मालवीय नगर सेक्टर ग्यारह में सोमवार शाम साढ़े चार बजे गैस सिलेंडर के नोजल में आग लगने से एक व्यक्ति खुद के घर में झुलसा हुआ मिला। इस पर लोगों ने दमकल और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची दमकल और पुलिस ने आग पर कंट्रोल किया। बुजुर्ग को 108 की सहायता से एसएमएस के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है।
थानाधिकारी विनोद ने बताया कि लादूराम धोबी घर के चौक में जला हुआ मिला है। वह जलने के कारण चीख रहा था। जानकारी मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। दमकल की सहायता से आग को कंट्रोल किया। झुलसा हुआ लादू राम का उपचार चल रहा है। जो 70 से 80 प्रतिशत तक झुलसा हैं। घटना के दौरान लादूराम घर पर अकेला था। पुलिस और दमकल मौके पर पहुंची उसके बाद लादूराम का परिवार भीड़ से निकलकर सामने आया।
थानाधिकारी विनोद ने बताया कि आग सिलेंडर के नोजल पर लगी हुई मिली थी। इसे बाद में बुझाया गया। मौके पर मिले हालात को देख कर लग रहा है कि लादूराम ने गैस जलाने के लिए माचिस जलाई होगी। सिलेंडर का रेग्युलेटर से जुड़ा पाइप ढीला होगा। इससे आग पकड़ ली। उसी आग की चपेट में आने से लादूराम झुलस गया होगा। पूरे कपड़े जल गए। बाद में लोगो ने उसके शरीर पर चादर डाली। मामले की जांच हादसा और साजिश दोनों के एंगल से की जा रही है।