जयपुर। दिल्ली अजमेर हाईवे पर भांकरोटा थाना इलाके में सोमवार अल सुबह पुलिस की सूझबुझ से बड़ा हादसा टल गया। टायरों से निकली चिंगारी से केमिकल से भरे ट्रक ने अचानक से आग पकड ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। जिसके बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल विभाग की गाड़ियों के आने से पहले आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़ तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना किसी देरी के हाईवे पर यातायात रोक दिया और आसपास के वाहनों को सुरक्षित दूरी पर ले जाने का प्रयास किया। दमकल विभाग की गाड़ी के आने से पहले ही पुलिसकर्मियों ने मौके पर उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
पुलिस के इस प्रयास से आग पर काबू पाया गया। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर पहुंची दमकल विभाग ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को क्रेन की सहायता से रोड़ से साईड में किया और यातायात सुचारु करवाया।


















