जयपुर। बगरु थाना इलाके में गुरुवार अल सुबह तेज रफ्तार ने डेयरी संचालक को जोरदार टक्कर मार दी । इस हादसे में पीड़ित करीब 20 फीट हवा में उछलने के बाद सड़क पर आ गिरा और गंभीर रुप से घायल हो गया। तेज रफ्तार कार भी थोड़ा आगे जाकर फंस गई।
इस पर कार सवार दोनो युवक जैसे -तैसे बाहर निकले और घायल युवक को सड़क पर पड़ा देख कार को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत सवाई मानसिंह अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार जब्त कर रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर दोनो युवकों की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस ने बताया कि थाना इलाके में स्थित बगरू इंडस्ट्रियल एरिया के संडे मार्केट में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे डेयरी संचालक विकास (21) सावर की बगीची ,बगरु निवासी दुकान खोलकर दूध के कैरेट बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने डेयरी संचालक विकास को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में पीड़ित 20 फीट दूर उझलकर दूर जा गिरा और तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होते हुए आगे बनी सीढ़ियों में फंस गई। जिसके बाद कार सवार दोनो युवक तैसे-तैसे कार से बाहर निकले और गंभीर घायल अवस्था में पड़े युवक को देखकर कार छोड़ मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार जब्त ,घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनो युवकों की तलाश शुरु कर दी है।




















