नींद की झपकी आने से तेज रफ्तार कार ट्रेलर में घुसी

0
33
A speeding car rammed into a trailer after falling asleep.
A speeding car rammed into a trailer after falling asleep.

जयपुर। चाकसू थाना इलाके में स्थित कोटा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। इस हादसे में कार में सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को ट्रेलर से अलग किया और सभी मृतकों को सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवाया। पुलिस ने काफी प्रयास से मृतकों की शिनाख्त कर हादसे की सूचना उनके परिजनों को दी।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि चाकसू के टिगरिया मोड़ पर शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे कि कोटा नेशनल हाईव पर ट्रेलर और कार की टक्कर की सूचना मिली थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे पांच लोगों को काफी मुश्किल से बाहर निकाला। जिसमें महिला समेंत चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं अस्पताल ले जाते समय एक युवक की मौत हो गई। प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि कार चालक को अचानक से नींद की झपकी आ गई और तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी की कार के परखच्चे उड़ गए और कार में पांच के शव बुरी तरह से फंस गए।

बताया जा रहा है की सभी लोग मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे और महाकाल उज्जैन के दर्शन कर खाटूश्यामजी सीकर जा रहे थे। इस हादसे में शानू सुकरवार (25) निवासी इंदिरा नगर कैंट,रेश्मा श्रीवास्तव (54 ) निवासी जद्दानगर ,राहुल रजक (27) निवासी खेरमाई मंदिर,पीयूष राय (26) निवासी शंकर नगर और अनुराग रजक (24) निवासी कटेगी रोड की मौत हो गई।

थानाधिकारी मनोहर लाल ने बताया कि हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से अलग-अलग किया और राहगीरों की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकाल उप जिला अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवाया। उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है । परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी । करीब दो घंटे बाद यातायात सुचारू कराया गया।

गौरतलब है कि मृतका रेशमा श्रीवास्तव जबलपुर के रेलवे शासकीय स्कूल में सरकारी टीचर थीं। उनके पति अखिलेश श्रीवास्तव पिछले साल लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन से हायर ग्रेड असिस्टेंट पद से रिटायर हुए थे। रेशमा की 2 बेटियां हैं। बड़ी बेटी पलक ने ग्रेजुएशन पूरी कर ली है, जबकि छोटी बेटी पूजा 11वीं क्लास में पढ़ाई कर रही है।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक के चालक सत्यनारायण निवासी काछोला (भीलवाड़ा) को दस्तयाब कर लिया है । दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने जब्त कर थाने में खड़ा करवाया है ।पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here