जयपुर । बगरू थाना इलाके के अजमेर हाईवे पर स्थित छीतरोली स्टैंड के पास विवार—सोमवार की मध्यरात्रि को पाम ऑयल से भरे टैंकर को पीछे से आए तेज रफ्तार डम्पर ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे पाम ऑयल रोड पर बिखर गया और सड़क पर फिसलन हो गई। तभी एक एंबुलेंस फिसलकर अनियंत्रित हो गई और ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में एंबुलेंस में सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया और जाम यातायात को सुचारू करवाया।
एसआई शेरसिंह मीणा ने बताया कि रविवार—सोमवार की मध्यरात्रि को छीतरोली स्टैंड के पास पाम ऑयल से भरा टैंकर खड़ा हुआ था। पीछे से आए तेज रफ्तार डम्पर ने खडे़ टैंकर को टक्कर मार दी। जिससे पाम ऑयल सड़क पर फेल गया और डम्पर का आगे वाला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद ऑयल का रिसाव शुरु हो गया और हाईवे पर फैल गया। तभी किशनगढ़ की तरफ से मरीज को लेकर आ रहीं एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर ट्रक में घुस गई ।
जिसमें एबुलेंस चालक सतीश धामनी (31) सहित चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने चारों घायलों को उपचार के लिए बगरू के अस्पताल में भिजवाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हे जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। वहीं इस हादसे में किशनगढ, अजमेर निवासी दिनेश कुमारी (55) और विक्की उर्फ वीरम सिंह (31) पुत्र गोविंद सिंह की मौत हो गई। एम्बुलेंस चालक सतीश धामनी, अमित वैष्णव (30) और बिठुदास (60) का सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार जारी है।
मरीज को दिखाने जा रहे थे एसएमएस अस्पताल
एसआई ने बताया कि बिठुदास की रविवार देर रात अचानक से तबीयत खराब हो गई थी। जिसके बाद परिजनों ने उसे नजदीकी निजी अस्पताल में दिखाय। चिकित्सकों ने देर रात ही बिठुदास को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जयपुर आते वक्त बगरु स्थित छीतरोली स्टैंड के पास ही हादसा हो गया । मृतकों में बिठुदास की पत्नी दिनेश कुमारी, बेटा अमित का दोस्त विक्की शामिल हैं।




















