जयपुर। करणी विहार थाना इलाके में एक युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक फ्लैट में रस्सी के फंदे से लटका मिला। मरने से पहले उसने अपने मोबाइल में सुसाइड नोट लिखकर छोड़ा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एसआई कालूराम ने बताया कि जालोर निवासी राजू राम विश्नोई (26) करणी विहार स्थित श्याम हाइट्स अपार्टमेंट के फ्लैट में अपनी बहन के साथ रहता था और चौड़ा रास्ता की एक ज्वेलरी दुकान में काम करता था। होली के कारण उसकी बहन गांव गई हुई थी और वह फ्लैट में अकेला था। इस दौरान उसने रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
काफी देर तक बाहर नहीं आने पर सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया। जहां युवक फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। मृतक के जीजा श्रीराम के अनुसार युवक ने मोबाइल में सुसाइड का कारण लिखा है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल जुटी है।


















