जयपुर। सोडाला थाना इलाके में शनिवार को एक युवक की बिल्डिंग की आठवीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। युवक चार दिन पहले ही बिहार से अपने घर लौटा था।
थानाधिकारी बलवीर सिंह ने बताया कि गीजगढ़ विहार रेजीडेंसी निवासी निखिल गुप्ता (30) पुत्र प्रदीप गुप्ता अपने परिवार के साथ आठवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रहता था और बिहार के गया में एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गया।
तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो निखिल लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा मिला। इसी दौरान उसे ढूंढते हुए उसकी मां भी नीचे पहुंच गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पर सोडाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर सबूत जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


















