एसीबी ट्रैप के दौरान कांस्टेबल रिश्वत लेकर फरार

0
35

झुंझुनू/जयपुर। झुंझुनू जिले के चिड़ावा थाना क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की ट्रैप कार्रवाई के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां कार्रवाई के दौरान रिश्वत लेने के आरोप में कांस्टेबल चालक अनिल कुमार फरार हो गया, जबकि एसीबी का एक कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।

एसीबी की एसआईडब्ल्यू इकाई जयपुर को परिवादी ने लिखित शिकायत देकर बताया था कि चिड़ावा थाने में तैनात कांस्टेबल अनिल कुमार (नं. 1580) उसकी सूखी लकड़ी से भरी पिकअप छोड़ने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत ले चुका है और अतिरिक्त 6 हजार रुपए की मांग कर रहा है।

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 3 हजार रुपए रिश्वत लेना प्रमाणित हुआ। इसके बाद शुक्रवार को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने परिवादी से शेष 3 हजार रुपए भी रिश्वत के रूप में ले लिए।

एसीबी टीम ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह सरकारी वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आरोप है कि भागने के दौरान उसने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए एसीबी टीम पर चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान बचाव करते समय कांस्टेबल लक्ष्मी नारायण  गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल झुंझुनू में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद आरोपी की तलाश के लिए व्यापक प्रयास किए गए, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। आरोपी के खिलाफ चिड़ावा थाने में राजकार्य में बाधा डालने, लापरवाही से वाहन चलाकर गंभीर चोट पहुंचाने और जीवन को संकट में डालने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह

पूरी कार्रवाई एसीबी के उपमहानिरीक्षक अनिल कुमार कयाल के सुपरविजन में हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप सारस्वत और उप अधीक्षक सुरेन्द्र पंचोली के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here