टैंकर से केमिकल की चोरी का आरोपी गिरफ्तार

0
101

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) एवं थाना मनोहरपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर नेशनल हाईवे स्थित एक ढाबे के पीछे चालक से मिलीभगत कर केमिकल से भरे टैंकर से केमिकल चोरी करने के मामले में आरोपी कृष्ण कुमार खटीक (38) निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी मनोहरपुर को गिरफ्तार किया है।

उप महानिरीक्षक पुलिस सह (पुलिस अधीक्षक) जिला जयपुर ग्रामीण आनन्द शर्मा ने बताया कि मौके से पुलिस ने डिओटीपी केमिकल से भरा हुआ टैंकर, एक खाली पिकअप, 200-200 लीटर केमिकल से भरे 13 ड्रम, 40-40 लीटर केमिकल से भरे 2 ड्रम, 200-200 लीटर के प्लास्टिक के कुल 77 खाली ड्रम, 40 लीटर का खाली 1 ड्रम तथा टैंकर से केमिकल निकालने के काम में लिए गये उपकरणों को भी जब्त किया है।

डीआईजी शर्मा ने बताया है कि जिला स्पेशल टीम को सूचना मिली कि जयपुर से दिल्ली जाने वाले हाईवे पर पायला होटल के पास स्थित ढाबे के पास कुछ लोग टैंकर से केमिकल चोरी करते हैं। सूचना पर मौके पर दबिश दी गई।

जहां ढाबे के पीछे बने गोदाम में गुजरात नम्बर का एक टैंकर खड़ा था। जिसके ढक्कन की सील को ग्रेंडर मशीन से काट कर दो व्यक्ति पाईप से केमिकल प्लास्टिक के ड्रमों में भर रहे थे। पुलिस को देख टैंकर चालक रात का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। दूसरे व्यक्ति कृष्ण कुमार खटीक को टैंकर मालिक की सहमति के बिना चालक के साथ मिल केमिकल चोरी कर खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी कृष्ण कुमार केमिकल चुराकर कहां-कहां व किस-किस को सप्लाई करता है तथा कब से इस अपराध में सम्मिलित है, इसके संबंध में पुलिस अनुसंधान कर रही है। इस कार्रवाई में थाना मनोहरपुर से एसएचओ भगवान सहाय सहित एएसआई जयराम, हेड कांस्टेबल लीलाधर, कांस्टेबल राजेश कुमार, लक्ष्मण, संदीप, डीएसटी से हेड कांस्टेबल रामनिवास, सतेन्द्र, कांस्टेबल तेजपाल, कांस्टेबल चालक राजू देवन्दा शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here