जयपुर। मुहाना थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी-दक्षिण) ने 18 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पिछले सात वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2018 में मामला दर्ज होने के बाद से लगातार पहचान छिपाकर और ठिकाने बदल-बदल कर पुलिस से बचता फिर रहा था।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नरेन्द्र कुमार शर्मा (45) पुत्र सुगन चंद शर्मा, मूल निवासी सेड का मोहल्ला, शाहपुरा (जयपुर) तथा वर्तमान में सीतापुरा स्थित योगेंद्र नगर का निवासी है। आरोपी को तकनीकी सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से उसके ठिकाने पर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।
थानाधिकारी मुहाना मुकेश कुमार के अनुसार परिवादी सुरेश गुप्ता ने मुहाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नरेन्द्र शर्मा वर्ष 2015 से 2017 के बीच उनकी कंपनियों—संरचना इंफ्राविजन प्रा. लि., अबेकस बिल्डहोम प्रा. लि. और संरचना इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि.—में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था।
नौकरी के दौरान उसने बिलों में हेराफेरी की, टैली की एंट्रियों में बदलाव किया तथा कंपनी के चेक चुराकर उन पर फर्जी हस्ताक्षर किए। इन फर्जी चेकों के माध्यम से आरोपी ने करीब 18 लाख रुपए अपने और अपनी पत्नी के बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी मुहाना मुकेश कुमार और डीएसटी प्रभारी विशंभर दयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर धोखाधड़ी में प्रयुक्त राशि और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

















